चंबा-खज्जियार मार्ग पर साऊं मोड़ के पास शुक्रवार देर रात बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। इनकी पहचान सचिन पुत्र प्रहलाद और संजीव कुमार पुत्र जर्म सिंह दोनों निवासी गांव बेधन पंचायत बख्तपुर डाकघर रठियार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर शुक्रवार रात को खज्जियार से वापस अपने घर बेधन जा रहे थे। बाइक सचिन चला रहा था। साऊं मोड़ के पास सचिन ने बाइक से अपना नियंत्रण खो दिया। इससे बाइक लुढ़क कर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के समय वहां पर कोई भी मौजूद नहीं था। इसके चलते किसी को भी दुर्घटना की जानकारी नहीं मिल पाई। दोनों युवक रात भर खाई में पड़े रहे।
शनिवार सुबह स्थानीय महिलाएं वहां घास काटने जा रही थी। इसी दौरान उन्होंने खाई में एक बाइक व दो युवकों को मृत पड़े हुए देखा। इसकी जानकारी महिलाओं ने गांव के अन्य लोगों को दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दोनों युवकों के शवों को स्थानीय लोगों की मदद से खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम करवाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल चंबा पहुंचाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए हैं। डीएसपी व एसडीएम भी घटनास्थल का जायजा लेने मौके पर पहुंचे।
उधर, एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि खज्जियार मार्ग पर साऊं मोड़ के पास बाइक दुर्घटना में दो युवकों के मारे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिए हैं। एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए युवकों के परिजनों को प्रशासन की ओर से दस-दस हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है।