श्रीनगर में पकड़ा उद्घोषित अपराधी
डलहौजी में वाहन दुर्घटना के मामले का था आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा पुलिस ने दस वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को श्रीनगर के पुलवामा से गिरफ्तार किया है। चंबा पुलिस को लंबे समय से इस आरोपी की तलाश थी। पुलवामा से पकड़े गए आरोपी की पहचान सोना सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी जलालाबाद जिला फाजिल्का पंजाब के रूप में हुई है। वर्ष 2000 में डलहौजी पुलिस ने टाटा सूमो दुर्घटना के मामले में सोना सिंह के खिलाफ 279, 337, 304 ए आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन वे पेशी पर नहीं पहुंचा। वर्ष 2008 में सोना सिंह उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया। इसके बाद सोना सिंह की खोजने के लिए चंबा पुलिस ने एडिशनल एसएचओ कृष्ण कुमार की अगुवाई में एचसी अनुज कुमार, नितेंद्र पाल, रविंद्र की टीम का गठन किया गया। टीम ने पंजाब के जलालाबाद समेत अन्य कई स्थानों पर उद्घोषित अपराधी की खोज की, लेकिन वहां पर उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर सोना सिंह की लोकेशन जम्मू कश्मीर के पुलवामा में मिली। पुलिस टीम ने जम्मू पुलिस के साथ मिल कर सोना सिंह को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जिसके बाद एक दिसंबर को सोना सिंह को श्रीनगर के पुलवामा में पकड़ा गया। उद्घोषित अपराधी को डलहौजी कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि चंबा पुलिस ने श्रीनगर के पुलवामा से उद्घोषित अपराधी को पकड़ा है। उसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है।