अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर कोटी के पास पुलिस ने 500 ग्राम चरस के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मामला वीरवार का है जब पुलिस की टीम ने कोटी के पास नाका लगाया था। इस दौरान निधिया राम निवासी गांव दिहोई डाकघर मौड़ा सामने से आ रहा था। उसके हाथ में एक थैला भी था। वह नाके पर खड़ी पुलिस को देख वहां से भागने की कोशिश करने लगा। इससे पुलिस को उसके ऊपर शक हो गया। शक के आधार पर पुलिस ने भागते हुए व्यक्ति को पकड़ा और उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को बैग में 500 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को जब्त करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन का पुलिस रिमांड दिया है। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि चंबा-तीसा मार्ग पर पुलिस ने चरस के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन का पुलिस रिमांड दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।