अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। महिला पंचायत प्रधान के साथ मारपीट करने के मामले में उद्घोषित महिला अपराधी को पीओ सेल ने कुल्लू से दबोचा है। वर्ष 2013 में मझीरी डाकघर अथेड़ तहसील सलूणी निवासी एक महिला ने अपने पति और सास के साथ मिलकर गुआलू पंचायत की प्रधान के साथ मारपीट की थी। मारपीट में पंचायत प्रधान को काफी चोटें आईं थी। प्रधान ने तीनों के खिलाफ पुलिस थाना किहार में मामला दर्ज करवाया। तीनों के खिलाफ मामले को लेकर कोर्ट में केस चल रहा था। मगर उपरोक्त उद्घोषित अपराधी अपने पति और सास के साथ पेशी पर नहीं आ रही थी। इसके चलते कोर्ट ने 27 दिसंबर को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया। साथ ही पुलिस को उसकी तलाश करने की जिम्मेवारी सौंपी। पुलिस के पीओ सेल ने उद्घोषित अपराधी की तलाश शुरू की। उसके रिश्तेदारों और संबंधियों से उसके बारे में पूछा गया। मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीओ सेल को उसके कुल्लू में होने की सूचना मिली। पीओ सेल की टीम हेड कांस्टेबल हमीद मोहम्मद, कांस्टेबल रविंद्र, नितेंद्र और महिला कांस्टेबल रीना रॉय ने कुल्लू में जाकर उसकी तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को पीओ सेल को गुप्त सूचना मिली कि महिला कुल्लू के ढालपुर में ठहरी है। यहां टीम ने उसे दबोचने में सफलता हासिल की। शनिवार को उद्घोषित अपराधी को चंबा लाया गया। यहां पर उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उद्घोषित अपराधी को तीन दिन का पुलिस रिमांड दिया है। इसके अलावा अपराधी के खिलाफ अदालत की अवमानना करने का केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि कुल्लू के ढालपुर से उद्घोषित महिला अपराधी को पकड़ा गया है। कोर्ट ने उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड दिया है। पुलिस मामले की कार्रवाई को अंजाम दे रही है।