चंबा। चंबा-भरमौर मार्ग पर हरदासपुरा के पास ट्रक चालक ने एक राहगीर को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायल का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घायल की पहचान कुलदीप कुमार पुत्र निको राम निवासी हरदासपुरा के रूप में हुई है। वह डीजे का काम करता है।
शुक्रवार रात को डीजे की बुकिंग से वह घर लौट रहा था। इसी दौरान हरदासपुरा के पास ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे चंबा अस्पताल पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया। गनीमत रही कि ट्रक की टक्कर से उसे गंभीर चोटें नहीं आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। यहां पर उन्होंने घायल का बयान दर्ज किया। इसके साथ ही अज्ञात ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने मामले की पुष्टि की है।