चंबा। ग्राम पंचायत जडेरा के मंडोलू गांव में भेड़ बकरियों को चराते समय खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान हुकमो पुत्र रसालू निवासी मंडोलू के रूप में हुई है। हुकमो वीरवार शाम को अपने गांव के पास जंगल में भेड़ बकरियों को चरा रहा था। उसी दौरान अचानक उसका पांव फिसला और वह गहरी खाई में गिर गया। खाई में गिरते समय उसके चिल्लाने की आवाज से आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होेंने उसे खाई से बाहर निकाला। गहरी खाई में गिरने से उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। इसकी वजह से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। साथ ही शव को पोस्ट मार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने मामले की पुष्टि की है।