तीसा (चंबा)। तीसा-सनवाल मार्ग पर झज्जाकोठी के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को इलाज के लिए टांडा रेफर किया गया है। जबकि दूसरे का इलाज तीसा अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद कार का चालक राजेश कुमार निवासी डियुर घायलों को छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए तीसा अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस को घटना की सूचना भी दी। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।
इसके साथ ही पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। हादसे में सुनील कुमार (14) निवासी गांव गुरियानी पंचायत झज्जाकोठी को गंभीर चोट लगी। उसे रात को तीसा अस्पताल में उपचार देने के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यहां से उसे चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं वीरेंद्र (17) निवासी सिढ़कुंड को भी हादसे में काफी चोट लगी है। लेकिन हालत स्थिर होने के चलते उसका उपचार तीसा अस्पताल में ही चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सुनील और वीरेंद्र कार में सवार होकर तीसा से झज्जाकोठी जा रहे थे। कार को राजेश कुमार चला रहा था। जब उनकी गाड़ी झज्जाकोठी के पास पहुंची तो चालक ने गाड़ी पर अपना नियंत्रण खो दिया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। खाई में कार गिरने से जोरदार आवाज को सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए।
जब लोग घायलों को बचाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कार का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि उपरोक्त मार्ग पर कार दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं। कार के चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।