चुवाड़ी (चंबा)। चंबा-लाहड़ू मार्ग पर बैरियर के समीप पुलिस ने निजी गाड़ी से 44 बोतलें अवैध शराब बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात चंचल प्रीत पुत्र पूर्ण चंद निवासी लाहड़ू तहसील भटियात जिला चंबा नुरपूर से वापिस आ रहा था।
पुलिस ने लाहड़ू बैरियर के समीप गाड़ी को तलाशी के लिए रोका। पुलिस ने तलाशी के दौरान गाड़ी से 44 बोतल शराब बरामद की। इसका उसके पास कोई परमिट नहीं था। दूसरी तरफ पुलिस थाना सदर चंबा के तहत मंडोह गांव में एक दुकान से दो बोतल अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार वह मंडोह गांव के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि प्रवीण निवासी गांव सकरयाह दुकान में शराब बेच रहा है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दुकान से दो बोतल अवैध शराब बरामद की। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है।