सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत दिघाई के भंडार गांव में दस परिवारों की सूखी घास आग की भेंट चढ़ गई। इससे पहले कि लोग आग को बुझा पाते सारी घास स्वाह हो गई। घास सर्दियों में अपने मवेशियों के चारे के लिए जमा करके रखी हुई थी। घास के जल जाने से मवेशियों के लिए चारा उपलब्ध करवाने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रभावित परिवारों बंटी कुमार, पृथ्वी राज, खेलको देवी, हरी सिंह व हंसो सहित अन्य ने बताया कि बुधवार को दोपहर के समय अचानक सूखी घास में आग लग गई। इसको लेकर दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग की टीम जब तक गांव में पहुंची। तब तक घास आग की भेंट चढ़ चुकी थी। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से राहत राशि देने की गुहार लगाई है। एसडीएम एसके पराशर ने बताया कि पटवारी को मौका करने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट आने पर प्रभावित परिवारों को राहत राशि प्रदान की जाएगी।