चंबा। चाइल्ड लाइन चंबा की टीम ने शहर में होने जा रही नाबालिगों की शादी रुकवाने में कामयाबी हासिल की है। शादी 22 अप्रैल को होने वाली थी। अब अभिभावकों ने निर्धारित आयु पूरी होने पर ही शादी करवाने की हामी भरी है।
इसके साथ ही अपना पक्ष लिखित में दिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए है। जानकारी के अनुसार वीरवार को चाइल्ड लाइन चंबा को सूचना मिली कि चंबा शहर में नाबालिगों की शादी होने जा रही है। उसकी आयु 19 वर्ष है। सामने यह भी आया कि जिस लड़की से इस युवक की शादी होने जा रही थी वो 17 साल की है।
सूचना मिलते ही चाइल्ड लाइन ने पुलिस प्रशासन और जिला बाल संरक्षण इकाई को सूचित किया। इस मामले को लेकर सिटी चौकी में अभिभावकों को तलब किया गया। इस दौरान पूछताछ में पहले सगाई होने की बात अभिभावकों ने कही। मगर लड़के के पिता ने बयान दिया कि शादी के कार्ड बंट चुके हैं। शादी 22 अप्रैल को तय हुई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए।
इसके साथ ही अभिभावकों को हिदायत दी गई कि निर्धारित उम्र के बाद ही शादी करवाई जाए। अभिभावकों ने बयान दिया है कि वह तब ही लड़के और लड़की की शादी करवाएंगे, जब उनकी आयु 21 और 18 वर्ष पूरी हो जाएगी। टीम में चाइल्ड लाइन समन्वयक कपिल शर्मा, जिला बाल संरक्षण इकाई अधिकारी डॉ. पीके गुप्ता, एसएचओ कृष्ण सिंह, रिंकू शर्मा, स्नेहलता और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता लता बहल मौजूद रहीं।
गौरतलब है कि जिला में बाल विवाह के मामले थमते नजर नहीं आ रहे है। पिछले करीब दो सालों से तीन दर्जन के करीब बाल विवाह के मामले सामने आ चुके है। हालांकि इसके पीछे निरक्षरता एक मुख्य कारण है।