चंबा। चंबा-पठानकोट मार्ग पर सरू के पास पुलिस टीम ने तीन चरस तस्करों को 1 किलो 800 ग्राम चरस के साथ दबोचा है। तीनों आरोपी कार में सवार होकर चंबा से चरस लेकर पंजाब की तरफ जा रहे थे। यहां तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चरास बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया। इसके साथ तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिले में चरस तस्करों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ रखा है।
इस मुहिम में कई चरस तस्कर पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने बुधवार देर रात को सरू के पास पुलिस ने नाका लगाया था। इस दौरान वहां से गुजरने वाले हर वाहन की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पंजाब कार नंबर पीबी 02-डब्लयू 2256 में सवार होकर तीन लोग पठानकोट की तरफ जा रहे थे। नाके पर खड़ी पुलिस टीम ने उनकी गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका। पुलिस जब गाड़ी की तलाशी ले रही थी, तो अंदर रखे बैग में 1 किलो 800 ग्राम चरस बरामद हुई। चरस को जब्त करने के साथ गाड़ी में सवार तीनों लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
आरोपियों की पहचान विचित्र पुत्र सर्वजीत सिंह निवासी मजीठा रोड़ (अमृतसर), राहुल पुत्र सुशील कुमार निवासी गांव बटाला (अमृतसर) और विपिन कुमार पुत्र मुकुंनद निवासी बटाला रोड (अमृतसर) के रूप में हुई है। आरोपियों को तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस मामले की आगामी कार्यवाही को अंजाम दे रही है। पुलिस आरोपियों से चरस तस्करी को लेकर जरूरी पहलुओं पर छानबीन करेगी।
चरस तस्करों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान : एसपी
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि पुलिस ने सरू में तीन लोगों को 1 किलो 800 ग्राम चरस के साथ पकड़ा है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिला में चरस का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस इसी तरह कार्रवाई करेगी।