अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। किहार की जामला बीट में अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन काटुओं ने 11 देवदार के हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई है। वन विभाग की टीम ने देवदार के 25 स्लीपर जंगल में बरामद किए हैं। वन रक्षक ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
पुलिस शिकायत में वन रक्षक ने बताया कि वह 9 और 10 अगस्त को खानी व धरवेरन जंगल की गश्त पर था। इस दौरान मौके पर 11 देवदार के हरे पेड़ काटे हुए मिले। देवदार के 25 स्लीपर भी बरामद हुए हैं। वन रक्षक सूरज कुमार ने देशराज पुत्र हिम्या निवासी पूढन, बृज लाल पुत्र शंभू निवासी पूढन, चैन सिंह पुत्र रिझू निवासी धलरवेरन, प्रीतम सिंह पुत्र कर्म चंद निवासी सुआ, चनालु राम पुत्र पुरुषोत्तम निवासी धरवेरन, शक्ति प्रसाद पुत्र निधिया राम निवासी धरवेरन और शाम लाल पुत्र देवी दयाल निवासी सुआ के खिलाफ किहार थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि किहार के जामला वीट में अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन रक्षक ने सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ तफ्तीश शुरू कर दी है। अवैध कटान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।