अमर उजाला ब्यूरो
चुवाड़ी (चंबा)। नैणीखड्ड-तुन्नुहट्टी मार्ग पर बड़ी दा मोड़ के समीप एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से बाइक चालक की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम को हुुआ। मृतक की पहचान तिलक राज पुत्र गोधड़ राम निवासी लाहड़, डलहौजी के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार तिलक राज तुन्नुहट्टी की ओर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए गया था। बड़ी दा मोड़ के समीप उसने बाइक से नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क से नीचे लुढ़क गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तिलक राज को उपचार के लिए ककीरा अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने तिलक राज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि तिलक राज से रास्ते में उसके भांजे ने भी लिफ्ट ली थी जो नैणीखड्ड के समीप उतर गया। भांजे विजय कुमार ने ही तिलक राज को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था। एसपी चंबा डॉ. वीरेंद्र तोमर ने बताया कि बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।