चंबा। चुराह के कॉसमॉस हाइड्रो के चांजू-दो प्रोजेक्ट के निर्माण में जुटी साईं इंजीनियरिंग फाउंडेशन के प्रोजेक्ट की वियर साइट पर आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश में जुट गई है। कंपनी का दावा है कि रविवार आधी रात को शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। इससे कंपनी का कीमती सामान सामान जल गया। इसके अलावा कुछ लोगों ने वियर साइट पर आकर बिजली की सप्लाई के को काटने के बाद सीसीटीवी को तोड़ दिया। जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने उसे लाठियों और डंडों से लहूलुहान कर दिया। इसके बाद अज्ञात लोगों ने लेबर कालोनी में पहुंचकर मजदूरों पर हमला कर दिया। उन्होंने यहां से भागकर जान बचाई। इसके साथ ही प्रोजेक्ट प्रबंधन को इसकी सूचना दी। सूचना के आधार पर प्रोजेक्ट प्रबंधक ने पुलिस थाना तीसा और फायर ब्रिगेड और उपमंडलाधिकारी को सूचित किया।
इनसेट
डीएसपी रमाकांत ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर चार लोगों को अरेस्ट किया है। पुलिस अब इन लोगों से पूछताछ करेगी।