चंबा। सदर थाना चंबा की टीम ने रावी नदी का सीना छलनी कर अवैध रूप से रेत निकालने वालों पर शिकंजा कसा है।
जनवरी में सदर थाना की टीम ने दिन और रात को अवैध खनन कारियों पर शिकंजा कसकर 29 चालान काटे हैं। इन चालानों को पुलिस विभाग ने अदालत में भेज दिया है। यहां जुर्माने को लेकर फैसला सुनाया जाएगा। टिपर, जीप और ट्रैक्टरों में अवैध रूप से रेत ढोने वाले लोगों पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इसमें चंबा-तीसा मार्ग, चंबा-पठानकोट मार्ग सहित अन्य मार्गों पर नाके लगाकर रेत लेकर जाने वाले माल वाहक वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा रावी नदी के तटों पर जाकर भी पुलिस ने खनन कारियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसमें उदयपुर, कियाणी, राजपुरा और परेल में कई बार पुलिस ने अचानक दबिश देकर अवैध खनन करने वालों के चालान काटे। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि रावी नदी सहित अन्य नालों में अवैध रूप से रेत निकालने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।