बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत बगढार के खुई गांव में मूसलाधार बारिश के चलते एक गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि गोशाला में बंधे पशुओं को चोटें नहीं आई। यह गोशाला खुई गांव के रहने वाले नीरज कांत की थी। मामले की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान और राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और रिपोर्ट तैयार की।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात क्षेत्र में भारी बारिश हुई। इसी दौरान खुंई गांव में गोशाला ढह गई। गोशाला गिरने की आवाज सुन नीरज कांत मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाय और बछड़ों को गोशाला से निकाला।
गोशाला गिरने से पशुओं को कोई चोटें नहीं आई। इसके बाद उन्होंने पंचायत प्रधान को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद रिपोर्ट तैयार कर ली है।
वहीं, डलहौजी प्रशासन की ओर से प्रभावित को दो हजार रुपये की राहत राशि जारी की गई। इसके साथ ही पटवारी ने गोशाला की नुकसान रिपोर्ट तैयार की। ग्राम पंचायत बगढार की प्रधान भारती देवी ने खबर की पुष्टि की है।