चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में सोमवार को 15 बिस्तरों की सुविधा वाला कोविड अस्पताल शुरू हो गया है। अस्पताल की चौथी मंजिल में कोविड अस्पताल बनाया गया है। मेडिसिन विभाग के वार्ड को शिफ्ट करके कोविड अस्पताल बनाया गया है। यहां पर कोरोना संक्रमण वाले मरीजों का उपचार होगा।
कोविड अस्पताल बनने से अब जिले से कोरोना का कोई भी मरीज धर्मशाला या टांडा रैफर नहीं किया जाएगा। सोमवार को कोविड अस्पताल शुरू करने से पूर्व मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. रमेश भारती और मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. पंकज गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने अस्पताल का जायजा लिया।
कोविड अस्पताल के साथ एक कमरे में मेडिसिन वार्ड को चलाया जाएगा। यहां मेडिसिन विभाग के मरीज भर्ती किए जाएंगे। पहले कोविड अस्पताल को हड्डी रोग के वार्ड में चलाने की योजना बनाई जा रही थी।
मगर अब कोविड अस्पताल को अस्पताल की चौथी मंजिल में चलाने का फैसला लिया गया है। अस्पताल में कोरोना मरीजों की देखभाल करने के लिए चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहेगा।
मेडिकल कॉलेेज प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कोविड अस्पताल शुरू कर दिया गया है। अब कोरोना संक्रमित मरीजों को चंबा से धर्मशाला रेफर नहीं किया जाएगा।