चंबा। जिला चंबा में बैच आधार पर शास्त्री के पदों के लिए काउंसलिंग का आयोजन किया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है।
17 नवंबर को रोजगार कार्यालय चंबा से संबंधित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। 18 नवंबर को रोजगार उप कार्यालय, चुवाड़ी, डलहौजी, भरमौर, पांगी, तीसा सहित सुंडला के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। विभिन्न रोजगार कार्यालयों से करीब 200 पात्र अभ्यर्थियों की सूची शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंची है। काउंसलिंग प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा के कार्यालय में होगी। दूसरी तरफ जिले के लिए कोई भी पद सरकार ने नहीं दिया है। अन्य जिलों के लिए स्वीकृत पदों पर पात्र अभ्यर्थी काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। इस दौरान उन्हें 9 जिले सेलेक्ट करने होंगे। बैच मैरिट के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। विभाग की ओर से पात्र अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट पर भी अपलोड की गई है।
गौरतलब है कि चंबा, लाहौल-स्पीति और बिलासपुर जिले के लिए कोई पद स्वीकृत नहीं है। हमीरपुर के 11, कांगड़ा के 52, किन्नौर में एक, कुल्लू में नौ, मंडी में 59, शिमला में चार, सिरमौर में चार, सोलन में 31 और ऊना में 22 पद स्वीकृत हैं। प्रदेश भर में 193 पद भरे जाएंगे। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास ने बताया कि काउंसलिंग के लिए तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। कहा कि सभी पात्र अभ्यर्थी तय समयावधि में काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लें।