चंबा। नगर परिषद के हरदासपुरा वार्ड में गृह कर के लिए सर्वे एक बार फिर विवादों में आ गया है। वार्ड की पार्षद अंजू देवी ने स्पष्ट कहा है कि जब तक इलाके में बुनियादी विकास कार्य पूरे नहीं किए जाते, तब तक वह अपने वार्ड में गृह कर का सर्वे नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा कि गलियों की हालत बदतर है, जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं, स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और जल निकासी व्यवस्था भी ठप है। ऐसे में नागरिकों से टैक्स वसूलने की बात करना अनुचित है।
उन्होंने बताया कि कई बार नगर परिषद को वार्ड की समस्याओं से अवगत करवाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासियों ने भी पार्षद के निर्णय का समर्थन किया है। उनका कहना है कि जब तक सड़कों और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं होती, तब तक सर्वे करना जनभावनाओं के खिलाफ होगा। वहीं, नगर परिषद के अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द वार्ड में सुधारात्मक कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है।