चंबा। जिले में खांसी, जुकाम और बुखार की दवाइयां बेचने वाले केमिस्टों को अपने ग्राहकों का पूरा ब्योरा रखना होगा। इस संदर्भ में जिला प्रशासन की ओर से दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दवा निरीक्षक को इस ब्योरे की पड़ताल समय-समय पर करने के आदेश भी दिए गए हैं।
आदेश मिलने के बाद दवा निरीक्षक राकेश कुमार ने चंबा शहर में स्थित विभिन्न केमिस्टों की दुकानों में औचक निरीक्षण किया और केमिस्टों को प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक ब्योरा रखने संबंधित आदेश दिए। यदि कोई दुकानदार बिना रिकॉर्ड रखे दवा बेचता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की भी प्रावधान है।
प्रशासन की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद कोरोना की बढ़ी रफ्तार पर लगाम कसना है, ताकि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम हो सके। गौरतलब है कि अकसर देखा गया है कि कुछ लोग खांसी, जुकाम और बुखार होने पर कोरोना टेस्टिंग करवाने के बजाय केमिस्टों से ही दवाएं ले रहे हैं। ऐसे में कुछ दिन तक वे ठीक तो हो जा रहे हैं, लेकिन बाद में गंभीर रूप से कोरोना की चपेट में भी आ रहे हैं। बहरहाल, इस तरह के मामलों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने ये आदेश समस्त केमिस्टों को जारी किए हैं। उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने बताया कि इस संदर्भ में स्वास्थ्य विभाग और केमिस्टों को आदेश कर दिए हैं। कहा कि दवा निरीक्षक भी समय-समय पर औचक निरीक्षण करें और पता करें कि केमिस्ट यह ब्योरा रख रहे हैं या नहीं।