चंबा। कोरोना वायरस को लेकर एहतियात और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चंबा मेडिकल कॉलेज में बनाए आईसोलेशन वार्ड को नए ब्लॉक में स्थानांतरित किया गया है। नए ब्लॉक में बनाए गए आईसोलेशन वार्ड में दस बेड की व्यवस्था की गई है। नए ब्लॉक में मरीजों और तीमारदारों की चहलकदमी काफी कम रहती है।
ऐसे में यह ब्लॉक सुरक्षा की दृष्टि से काफी सुरक्षित है। हालांकि पुराने ब्लॉक में जहां पहले आईसोलेशन वार्ड बनाया गया था। यहां पर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ रहती है। इसके चलते मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आईसोलेशन वार्ड को नए ब्लॉक में स्थापित करने का निर्णय लिया।
आईसोलेशन वार्ड में कोरोना लक्षण वाले मरीज के उपचार और देखभाल को लेकर स्टाफ की तैनाती की गई है। फिलहाल अभी तक चंबा में एक भी कोरोना का केस नहीं आया है।
इतना ही नहीं अस्पताल में ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को मास्क पहनकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। अनावश्यक लोगों के अस्पताल में प्रवेेश को लेकर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। निजी सुरक्षा कर्मी अस्पताल के गेट में हर आने जाने वाले से पूछताछ कर रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ एक ही तीमारदार को रुकने की अनुमति प्रदान की गई है। इससे वार्ड में किसी तरह की भीड़ एकत्रित न हो। छोटी मोटी बीमारी वाले मरीजों को अस्पताल में आने से परहेज रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ज्यादा तबीयत बिगड़ने पर ही अस्पताल का रुख करें।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए आईसोलेशन वार्ड को नए ब्लॉक में शिफ्ट किया गया है। आईसोलेशन वार्ड में दस बेड की व्यवस्था की है। सभी कर्मचारियों को मास्क पहनकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।