चंबा। प्राकृतिक आपदा से बचाव के लिए पल्यूर पंचायत के गांव में नवरात्र में अब शिव नुआला नहीं हो पाएगा। कोरोना वायरस की दहशत के चलते ही जिला प्रशासन ने साफ शब्दों में इसके आयोजन करवाने को इंकार कर दिया है।
इतना ही नहीं, जिला प्रशासन के पास नवरात्रों के मौके पर शादी समारोह, शिव नुआलों, मुंडन और धाम संबंधी आयोजनों के लिए पहुंची दर्जन भर अर्जियों को प्रशासन ने लोगों के स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए ठुकरा दिया है। ऐसे में सामाजिक समारोहों के आयोजनों के लिए पहले से ही व्यवस्थाएं कर बैठे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब हो कि कोरोना वायरस के चलते जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पहले से ही शिक्षण संस्थानों, खेलों, मेलों, पॉलटेक्निकल कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, सिनेमाघरों, जिम और हॉस्टलों में 31 मार्च तक बंद करवा दिया है।
प्रशासन ने बाकायदा लोगों से सुरक्षा और बचाव संबंधी उपाय अपनाने के लिए एहतियात बरतने के आदेश दिए हैं। जिला प्रशासन के पास इस विभिन्न समारोह के आयोजन को लेकर एक दर्जन से अधिक आवेदन पत्र पहुंच चुके हैं। प्रशासन ने लोगों को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक करते समारोहों को स्थगित करने की हिदायत दी है।
जिलाधीश चंबा विवेक भाटिया ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए ही सामाजिक आयोजनों पर रोक लगाई गई है। सामाजिक समारोहों में अधिक लोग एकत्रित होते हैं। इससे न चाहते हुए भी कोरोना वायरस के लक्षण संबंधी कोई व्यक्ति पाया जाता है, तो ये फैल सकता है। उन्होंने लोगों से कोरोना वायरस को लेकर एहतियात बरतते स्थगित करने का आग्रह किया है।