corona test will taken in Dalhausi
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन स्थल डलहौजी स्थित होटल कारोबारियों, दुकानदारों सहित उनके कर्मचारियों और टैक्सी चालकों के कोरोना टेस्ट होंगे। स्वास्थ्य विभाग क्रमवार तरीके से इन सबके कोरोना सैंपल एकत्रित करेगा। पर्यटन स्थल में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। बहरहाल, डलहौजी प्रशासन ने इसके बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि पर्यटन स्थल डलहौजी के गांधी चौक, सुभाष चौक, कोट रोड, बकरोटा, पंचकूला रोड समेत ठंडी और गर्म सड़क में डेढ़ सौ के करीब होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे हैं। इसके अलावा गांधी चौक, सुभाष चौक, कोर्ट रोड और बस अड्डे में 180 छोटे-बड़े दुकानदार हैं। वहीं, गांधी चौक, सुभाष चौक और बस अड्डे में डेढ़ सौ के करीब टैक्सी चालक हैं। रविवार को निजी स्कूल में 122 विद्यार्थियों सहित स्टाफ के कोरोना संक्रमित आने के बाद डलहौजी प्रशासन ने होटल कारोबारियों, दुकानदारों और टैक्सी चालकों के कोरोना सैंपल लेने का निर्णय लिया है।
जिले में अब तक 3193 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 2950 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में जिले में 183 सक्रिय मामले हैं जबकि, 52 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है।
व्यापार मंडल के प्रधान राकेश चौबियाल और महासचिव राजिंद्र नानू ने बताया कि प्रशासन के आदेशों का पालन किया जाएगा। साथ ही उसमें पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
तहसीलदार राजेश जरयाल ने बताया कि डलहौजी में बढ़ते कोरोना संक्रमितों के मामलों को देखते हुए अब होटल कारोबारियों, दुकानदारों और टैक्सी चालकों के क्रमवार सैंपल एकत्रित किए जाएंगे। बताया कि लोगों को भी कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कोरोना नियमों का पालन करना चाहिए।