चंबा। जिले में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब जिले के सिविल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी कोरोना के टेस्ट होंगे। जिले में टेस्टिंग की संख्या को बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह फैसला लिया है। इसके तहत सिविल अस्पताल भरमौर, तीसा, डलहौजी, चुवाड़ी, सलूणी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी समेत चूड़ी में कोविड-19 टेस्टिंग सेंटर शुरू कर दिए गए हैं। यहां प्रतिदिन कोरोना के सैंपल एकत्रित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. राजेश गुलेरी ने कहा कि कोविड-19 के बढ़ती संख्या को देखते यह जरूरी है कि लोग समय रहते अपने कोविड टेस्ट करवाए और जिन लोगों में मधुमेह और उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी समस्या है, उन्हें इस समय एहतियात बरतने की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से कोरोना के जिले में ज्यादा मामले आए हैं।
इसलिए खांसी, बुखार, गले में खराश एवं दर्द, बहती या बंद नाक छींके आना और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण हो तो उसे हल्के में न लें और तत्काल कोविड का टेस्ट करवाएं। जल्द टेस्ट करवाने और पॉजिटिव आने पर समय रहते व्यक्ति को आइसोलेट भी किया जा सकता है। इसके साथ ही इसे फैलने से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह समय कोरोना महामारी को लेकर किसी तरह का भ्रम पैदा नहीं करना है।