चंबा। न्यू पेंशन योजना कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों के वेतन से नवंबर में होने वाली ग्रुप इंश्योरेंस के तहत की जा रही कटौती में कोरोना महामारी को भी शामिल करने की मांग की है। जिला अध्यक्ष सुनील जरयाल ने बताया कि कोरोना के कारण कई कर्मचारियों की मौत हुई है। ग्रुप इंश्योरेंस को इसमें शामिल करने से उन सभी कर्मचारियों के आश्रितों को लाभ मिल सकेगा। कल्हेल खंड से इसका सुझाव खंड अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने दिया।
इस सुझाव पर जिले की ओर से राज्य सरकार और स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी शिमला को पत्र लिख कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, राज्य ने गंभीरता से लेते हुए इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकार के साथ पत्राचार किया। कहा कि मुख्यमंत्री के साथ-साथ वित्त सचिव और मुख्य सचिव को पत्र लिख कर ग्रुप इंश्योरेंस में कोरोना को शामिल करने की मांग की है। इससे प्रदेश के समस्त कर्मचारियों को लाभ होगा।
जिला अध्यक्ष सुनील ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि महासंघ की इस मांग को शीघ्र पूरा किया जाएगा और लाखों कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। जरयाल ने बताया कि इससे पहले भी न्यू पेंशन स्कीम इम्पलॉय एसोसिएशन कर्मचारियों के जुड़े मुद्दों को उठाती आई है। उसके तहत एनपीएस कर्मचारियों को फ्रंट लाइन वॉरियर घोषित करवाना और टीकाकरण की अधिसूचना जारी करवाना शामिल हैं।