चंबा। पिता के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हुई दो वर्षीय बच्ची और उसकी मां के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को रिपीट सैंपल जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट वीरवार को चंबा पहुंचेगी। अगर बच्ची और मां की रिपोर्ट निगेटिव आती है, तो उन्हें घर भेज दिया जाएगा। यहां पर उन्हें एहतियात के तौर पर सात दिनों के लिए होम क्वारंटीन रखा जाएगा। मौजूदा समय में दो वर्षीय बच्ची और उसकी मां का कोविड अस्पताल बालू में इलाज चल रहा है। इन दोनों में अभी तक कोरोना को लेकर किसी प्रकार के लक्षण उभरकर सामने नहीं आए हैं। दस दिनों तक कोविड अस्पताल में इन दोनों का चिकित्सकों ने पूरा ख्याल रखा है। इनकी डाइट में दूध, अंडा, दाल और सब्जी सहित अन्य पौष्टिक आहार शामिल हैं। दो वर्षीय बच्ची के साथ जिले के लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। बच्ची कोरोना संक्रमण के साथ दिल की बीमारी से भी ग्रसित है। ऐसे में मासूम बच्ची दो-दो बीमारियों का सामना कर रही है। बच्ची के पिता कुछ समय पहले ही बद्दी से लौटा था। जोकि बाद में कोरोना पॉजिटिव निकला। पिता के संपर्क में आने से बच्ची भी कोरोना पॉजिटिव हो गई। बच्ची की देखभाल के लिए उसकी मां कोविड अस्पताल में रखा गया। यहां पर बच्ची के संपर्क में आने से मां भी कोरोना पॉजिटिव हो गई। हालांकि पिता की रिपोर्ट कुछ दिन पहले निगेटिव आ चुकी है। इसके बाद उसे घर भेजा दिया गया है। बच्ची और मां की रिपोर्ट भी निगेटिव आने का अनुमान है।
इनसेट
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि दो वर्षीय बच्ची और उसकी मां के सैंपल लेकर टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। अगर सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आती है, तो दोनों को कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।