चंबा। जिला से शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 368 सैंपल लेकर जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे हैं। इससे पहले तीन सौ सैंपल जांच के लिए कभी नहीं भेजे गए। यह आंकड़ा चंबा जिला के लिए अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इतनी ज्यादा संख्या में सैंपल एकत्रित करने के लिए चिकित्सकों की टीम सुबह से लेकर रात तक डटी रही। चिकित्सकों की टीमों ने विभिन्न ब्लॉकों में जाकर सैंपल एकत्रित किए। रविवार देर रात को या सोमवार सुबह तक इन सैंपलों की रिपोर्ट चंबा पहुंच सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेने की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्राथमिकता के तौर पर उन लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं जो कि क्वारंटीन किए गए हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने समोट ब्लॉक से 159 सैंपल एकत्रित किए। मेडिकल कॉलेज चंबा से पांच, पुखरी ब्लॉक से 98, तीसा ब्लॉक से 63 और चूड़ी ब्लॉक से 43 सैंपल एकत्रित किए। इन सभी सैंपलो को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा जिला से 368 सैंपल जांच के लिए टांडा भेजे हैं। जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति का पता चल पाएगा।