चंबा। जिले में कोरोना संक्रमण से एक और व्यक्ति की जान चली गई है। 61 वर्षीय व्यक्ति ने डीसीएच टांडा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। व्यक्ति कोरोना संक्रमण के साथ निमोनिया से भी पीड़ित था। जिले में अभी तक कोरोना से 12 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं जिले में सोमवार को 26 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसमें एडीएम भरमौर पृथी पाल सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए उनके संपर्क में आए लोगों को आइसोलेट होने की सलाह भी दी है।
जानकारी के अनुसार मरीज को 22 अगस्त को चंबा मेडिकल कॉलेज के सारी वार्ड में भर्ती किया गया था। यहां टेस्ट करने पर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। सेहत में सुधार नहीं होने से 24 अगस्त को उसे डीसीएच टांडा रेफर किया गया।
रविवार शाम को टांडा में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक साहो क्षेत्र के देहरा गांव का रहने वाला था। इसके साथ ही सोमवार को चबा में कोरोना के 15 नए मामले भी सामने आए हैं। कोरोना संक्रमितों को संबंधित कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट किया गया है।
इसमें दो महिलाएं गागला गांव से संबंधित हैं। इसके अलावा केल्हा गांव में 29 वर्षीय व्यक्ति, चलामा में 19 वर्षीय युवक, सरोली गांव में 45 वर्षीय महिला, 16 वर्षीय युवति, 18 वर्षीय युवक, अवां गांव में 48 वर्षीय व्यक्ति, ककीरा में 54 वर्षीय व्यक्ति, शिवालू में 48 वर्षीय व्यक्ति, मठोली गांव में 24 वर्षीय महिला और भरमौर में 45 वर्षीय व्यक्ति, चंबा के कश्मीरी मोहल्ले में दस वर्षीय बच्चा, सलूणी में पशु औषधालय का कर्मचारी समेत अन्य लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। नए मामले सामने आने के बाद जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 116 पहुंच गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि जिले के एक मरीज की टांडा में मौत हुई है। जिले में कोरोना संक्रमण से यह 12वीं मौत हुई है। इसके अलावा 26 नए कोरोना के पॉजिटिव मामले भी आए हैं।