चंबा। कोरोना वायरस के देश भर में बढ़ते आंकड़ों के बाद विकास खंड तीसा में विकास कार्यों पर रोक लगा दी है। इस बारे में विकास खंड अधिकारी तीसा ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों में जहां कार्यों को बंद करने के लिए कहा गया है वहीं, पंचायत कार्यालयों के स्टाफ को सेवाएं देने के बारे में भी आदेशित किया है। इसके साथ ही बिना बताएं मुख्यालय छोड़ने को लेकर भी हिदायत दी गई है।
गौरतलब है कि देश में कोरोना के आंकड़े दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे है। इस कारण सरकार ने इस स्थिति से निपटने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत सोमवार को प्रदेश में लॉक डाउन घोषित किया गया। इसके बाद से प्रशासन ने हर क्षेत्र में पैनी नजर बनाई जा रही। जिला प्रशासन की ओर से इसके तहत विकास कार्यों को रोकने के भी आदेश दिए हैं।
विकास खंड अधिकारी तीसा भवनेश चड्ढा ने बताया कि इस बारे में पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंचायत कार्यालय स्टाफ में पंचायत सचिव, कनिष्ठ अभियंता, तकनीकी सहायकों और ग्राम रोजगार सेवकों को बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकते हैं। इसके अलावा कर्मचारियों को अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति इलाके में दिखता है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर दी जाए।