चंबा। शुक्रवार का दिन चंबावासियों के लिए मिलाजुला रहा। शुक्रवार को कोविड केयर सेंटर बालू से तीन कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को चले गए हैं, जबकि पंजाब से आया एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसे कोविड केयर सेंटर बालू में शिफ्ट किया गया है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने चंबा जिला से 122 सैंपल जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट वीरवार देर रात को चंबा पहुंची। इन सैंपलों में तीन रिपीट सैंपल कोविड केयर सेंटर बालू में उपचाराधीन कोरोना मरीजों के थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि अन्य 116 सैंपलों में एक सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इससे एक तरफ जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आई तो वहीं, दूसरी तरफ उसमें बढ़ोतरी भी हो गई। जिला में अब तक कोरोना के 35 मामले आ चुके हैं। इसमें 24 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 11 एक्टिव केस बचे हैं, जिन्हें चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है। जो युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, वह कुछ दिन पहले पंजाब के कपूरथला से आया था। जिसे बॉर्डर पर थर्मल स्कैनिंग के बाद प्रशासन ने होम क्वारंटीन किया था। बुुधवार को एहतियात के तौर पर उस युवक का सैंपल लेकर जांच को टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वीरवार रात को जैसे ही सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने उसके संपर्क में आए लोगों की डिटेल बनाना शुरू कर दी। शुक्रवार को चिकित्सीय टीम ने युवक के गांव में जाकर उसके संपर्क में आए सभी लोगों के सैंपल लिए। साथ ही इन लोगों को सैंपल की रिपोर्ट आने तक अपना मेल जोल बंद रखने को कहा गया। साथ ही कोरोना संक्रमित युवक को एंबुलेंस के जरिये कोविड केयर सेंटर पहुंचाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेेरी ने बताया कि तीन कोरोना संक्रमितों के ठीक होने के साथ एक नया केस भी आया है। कोरोना संक्रमित युवक को कोविड केयर सेंटर बालू में शिफ्ट कर दिया गया है। विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है।