चंबा। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को पुखरी, सलूणी और मेडिकल कॉलेज चंबा से 38 सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए पालमपुर भेजा गया है। इन सैंपलों की रिपोर्ट शनिवार शाम तक पहुंच सकती है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग आगे की कार्यवाही को अंजाम देगा। शुक्रवार को पुखरी ब्लॉक से 23 रेंडम सैंपल लिए गए, जबकि चार सैंपल सलूणी क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों के लिए गए हैं। इसके अलावा 11 सैंपल मेडिकल कॉलेज से लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए आईएचबीटी पालमपुर में भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि सलूणी क्षेत्र में दो कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए 34 लोगों के सैंपल वीरवार को भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट अभी आना बाकी है। चार सैंपल शुक्रवार को लिए गए हैं। ये चारों भी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैंपल की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जांच की जा सके। इसके अलावा क्वारंटीन किए लोगों पर भी पूरी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अगर किसी में कोई लक्षण नजर आता है तो उसे तुरंत उपचार के लिए आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है। हर गतिविधि पर विभाग की पूरी निगरानी रखी जा रही है।