चंबा में होली के चौली नामक स्थान के पास रखा गया कंपनी का सामान।स्त्रोत:संवाद
होली (चंबा)। होली क्षेत्र की ग्राम पंचायत लामू के चोली में इको पार्क के लिए चयनित जगह पर जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में जुटी कंपनी भारी भरकम कंटेनर और लोहे के गेट रख दिए हैं। इससे यहां भूमि और पेड़ों को भी नुकसान हो रहा है। इससे पूर्व कंपनी की मनमानी को रोकने के लिए वन विभाग ने कंटीले तार लगा दिए थे। कंपनी ने कंटीले तार हटाकर यहां फिर से सामान रख दिया है।
चोली क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए वन विभाग ने यहां इको पार्क बनाने की कवायद शुरू की थी। इसके तहत बकायदा पूर्व वन मंत्री राकेश पठानिया ने पार्क बनाने के लिए ऑनलाइन शिलान्यास भी किया था। मगर वर्तमान समय में जिस जगह ईको पार्क होना चाहिए था, वहां पर निजी कंपनी की सामग्री पड़ी हुई है। हैरत की बात है कि निजी कंपनी की इस मनमानी के आगे वन विभाग भी मूकदर्शक बना हुआ है।
ग्रामीणों में राजेंद्र कुमार, राजेश कुमार, रणजीत सिंह, कुलविंद्र कुमार, अशोक कुमार, अक्षय कुमार, प्रवीण कुमार ने बताया कि प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर इस जगह पर अकसर स्थानीय लोग अपनी थकान मिटाने के लिए पहुंचते रहे हैं। इतना ही नहीं, कभी-कभार यहां पर पहुंचने वाले बाहरी लोग प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाने के लिए रुकते हैं। वन विभाग ने इसी के मद्देनजर योजना तो बनाई लेकिन वह सिरे चढ़ती नजर नहीं आ रही है।
हटा लिया जाएगा कंपनी का सामानः संजय ला
उधर, निजी कंपनी के महाप्रबंधक संजय ला ने बताया कि एक तरफ तो हमारी डाइवर्ट लाइन है। दूसरी ओर कंपनी का जो सामान पड़ा है, उसे जल्द उठा लिया जाएगा। उधर, वन विभाग के अधिकारी लाल सिंह ने कहा कि कंपनी को वनभूमि से सामान हटाने के निर्देश जारी किए जाएगे। साथ ही यहां पर पुन: कंटीली तार लगवाई जाएगी।