चंबा। राजकीय माध्यमिक विद्यालय दड़ोगा में नौनिहाल निजी भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल भवन का कार्य चल रहा है। लेकिन छह साल का समय बीत जाने के बाद भी यह कार्य पूरा नहीं हो पाया है। वहीं, दूसरी तरफ स्कूल भवन के निर्माण में अब तक करीब 23 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जा चुकी है। इस बात का खुलासा जिला परिषद अध्यक्ष डाॅ. नीलम कुमारी के औचक निरीक्षण के दौरान हुआ।
इसमें शिक्षा विभाग की लापरवाही सामने आई है। स्कूली बच्चे जिस निजी भवन के कमरों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, वहीं सामान भी रखा हुआ है। जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमार ने बताया कि इस बारे में शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की गई है। ताकि स्कूल के निर्माणाधीन कार्य में तेजी लाई जा सके। गौरतलब है कि निजी भवन में तीन कमरे स्कूल को दिए हुए है। इसमें एक कमरे में स्टाफ के सदस्य बैठते हैं और दूसरे कमरे में मिड-डे मील की रसोई के साथ समेत अन्य सामान रखा है। सर्दियों और गर्मियों में एक ही कमरे में कक्षाएं लगानी पड़ रही है।
10 दिन में निजी भवन भी नसीब नहीं होगा
दूसरी तरफ जिस भवन मालिक ने स्कूल के लिए कमरे दिए हैं, ने भी अब 10 दिन का समय शिक्षा विभाग को दिया है। अगर विभाग की ओर से जल्द भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जाता तो वह अपने कमरे खाली करवा लेगा।
इस बारे जानकारी है। स्कूल भवन का कार्य मौजूदा समय में प्रगति पर है। इस बारे में रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी ताकि समस्या का समाधान हो सके।
ज्ञान चंद, कार्यवाहक उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा