चुवाड़ी (चंबा)। उपमंडल में बिजली बिल जमा न करवाने वाले तीन सरकारी स्कूलों के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए गए हैं। यह कार्रवाई विद्युत उपमंडल चुवाड़ी ने की है। बोर्ड ने अन्य उपभोक्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे भी अपना बिल जल्द जमा करवाएं। दो दिन के बाद उनके कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे। बोर्ड की इस कार्रवाई से क्षेत्र के उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
दोबारा कनेक्शन बहाल करवाने के लिए ढाई सौ रुपये का अतिरिक्त शुल्क जमा करवाना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार बोर्ड ने व्यावसायिक उपभोक्ताओं से 8,57,955, घरेलू उपभोक्ताओं से 13,24,902, लघु उद्योग संचालकों से 67,350 और अस्थायी उपभोक्ताओं से 94,574 की राशि वसूलनी है। हालांकि इसके बारे में कई बार नोटिस जारी किए गए हैं लेकिन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाना जरूरी नहीं समझा। बहरहाल अब बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं केे दो दिन का समय दिया है।
बोर्ड के सहायक अभियंता राकेश वर्मा का कहना है कि तीन सरकारी स्कूलों के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटे हैं जबकि अन्य उपभोक्ताओं को दो दिन के भीतर बिजली बिल जमा करवाने की हिदायत दी है।