चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में आगामी दिनों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने वाली हैं। सरकार ने मेडिकल कॉलेज में 19 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की तैनाती की है। इसको लेकर स्वास्थ्य शिक्षा निदेशालय से ऑर्डर भी जारी हो चुके हैं।
ये चिकित्सक तीन साल तक चंबा में अपनी सेवाएं देंगे। यह जिलावासियों के लिए राहत की खबर है क्योंकि जिले की पौने छह लाख की आबादी गंभीर बीमारी का इलाज करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज पर ही निर्भर है। ऐसे में अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर आने से उन्हें इलाज करवाने में काफी सुविधा होगी। गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज में 50 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की कमी चल रही थी।
इन डॉक्टरों को किसी भी स्वास्थ्य संस्थान की रीढ़ की हड्डी माना जाता है। सामान्य ओपीडी खत्म होने के बाद वार्ड के मरीजों की देखभाल और इलाज का जिम्मा यही डॉक्टर संभालते हैं लेकिन पिछले चार साल से चंबा में इन डॉक्टरों की भारी कमी चल रही थी। प्रबंधन को ओपीडी संभालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में सीनियर रेजिडेंट की तैनाती होने से ओपीडी सेवाओं में भी सुधार होगा।
किस विभाग में कौन देगा सेवाएं
मेडिकल कॉलेज के महिला रोग विभाग में डॉ. ज्योतिका बाला और डॉ. रीतिका चोपड़ा, बाल रोग विभाग में डॉ. ईशा, डॉ. अजमल रफी और डॉ. सतेंद्र गुप्ता, मनो रोग विभाग में डॉ. गगनदीन आहुजा, मेडिसन विभाग में डॉ. हसीब ईशान और डॉ. प्रियंका, रेडियोडायग्नोसिस में डॉ. अभिषेक दास और डॉ. अबोरिशी गर्ग, सर्जरी विभाग में डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. मनीषा, डॉ. अभिनव कुमार और डॉ. क्लीफिन मथाई, एनेस्थीसिया विभाग में डॉ. महिंद्र सिंह नेहरिया, डॉ. लतेश, डॉ. आकांक्षा सिंह, डॉ. रविंद्र कौर और डॉ. नंदिनी शर्मा सेवाएं देंगे। इसके अलावा पैथोलॉजी विभाग में ट्यूटर स्पेशलिस्ट के रूप में डॉ. अपूर्वा अरोड़ा के ऑर्डर हुए हैं।
1,000 के करीब रहती है रोजाना ओपीडी
मेडिकल कॉलेज चंबा की ओपीडी रोजाना 1,000 के करीब रहती है लेकिन चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को ओपीडी के बाहर काफी समय तक धक्के खाने पड़ते हैं। अब मरीजों को काफी हद तक राहत मिल जाएगी। ओपीडी में एक से अधिक विशेषज्ञ बैठकर मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे।
स्वास्थ्य विशेष सचिव अश्वनी शर्मा ने बताया कि चंबा मेडिकल कॉलेज में 19 सीनियर रेजिडेंट के ऑर्डर किए गए हैं। ये चिकित्सक आगामी दिनों में चंबा में ज्वाइन करेंगे।
कार्यकारी प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि ऑर्डर की प्रतिलिपि अभी तक उनके पास नहीं पहुंची है। हालांकि सरकार ने 19 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के ऑर्डर किए हैं। इससे मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं में सुधार होगा।