चंबा। कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को एडीसी चंबा मुकेश रेपस्वाल से मिला। इस दौरान पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि जनहित में कृषि अधिनियम 2020 की विसंगतियों को दूर कर किसानों को राहत प्रदान की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोस कांगड़ा क्षेत्र सेवादल के प्रभारी एवं महासचिव विजय कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीरज नैयर, महासू राम ठाकुर, चंचला देवी, भूपेंद्र शर्मा, ललिता शर्मा, निर्मला शर्मा, रविंद्र कपूर और राकेश कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के लोस और रास ने विपक्षी दलों की आपत्तियों और सुझावों को दरकिनार कर कृषि अधिनियम 2020 नए और संशोधन कर पास किया है।
उन्होंने बताया कि पूरे देश में इन अधिनियमों का अध्ययन किया गया और किसान इसके विरोध में उतरे। इस अधिनियम में काफी विसंगतियां है। इससे किसानों को भविष्य में नुकसान होगा। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी बढ़ेगी।
इसके अलावा महंगाई भी बढ़ेगी। उन्होंने मांग की कि अधिनियम की विसंगतियों को दूर किया जाए। इससे पहले कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों ने बैठक का आयोजन भी किया।