चुराह (चंबा)। चुराह के विधायक डाॅ. हंसराज और युवती के बीच चल रहे विवाद को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गईं हैं। चुराह के कांग्रेस नेता यशवंत सिंह खन्ना ने कहा कि वह पीड़ित युवती और उसके परिवार के साथ खड़े हैं। युवती को इंसाफ दिलाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाए।
उन्होंने बताया कि वह केंद्र सरकार के मंत्रियों सहित प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे कि इस मामले की निष्पक्षता के साथ जांच की जाए। उन्होंने जारी एक बयान में कहा कि इस घटना से चुराह का नाम पूरे प्रदेश सहित देश में खराब हुआ है।
उधर, भाजपा मंडल भंजराड़ू के अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर का कहना है कि कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी युवती के पिता के साथ लेकर विधायक की छवि को खराब करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। यह पूरी साजिश कांग्रेस की ओर से रची जा रही है। इससे पहले भी इसी तरह का आरोप विधायक पर लगा चुके हैं। कांग्रेस यह कोशिश विधायक की लोकप्रियता को खत्म करने के लिए कर रही है, लेकिन चुराह के तीनों भाजपा मंडल विधायक के साथ है। जल्द ही बैठक कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।