संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। तेलका कॉलेज का अपना भवन न होने से जहां विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है वहीं स्टाफ को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेलका कॉलेज वर्ष 2002 से केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला तेलका (सालवां) के भवन में चल रहा है। कॉलेज में 110 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। तीन कमरों में से एक में कॉलेज कार्यालय और दो कमरों में कक्षाएं लगाई जा रही हैं। कई मर्तबा विद्यार्थी खुले आसमान तले पढ़ाई करने को विवश हैं।
इससे विद्यार्थियों समेत अभिभावक वर्ग में भी विवि प्रशासन और सरकार के प्रति खासा रोष है। अभिभावकों का कहना है कि आठ पंचायतों के केंद्रबिंदु तेलका कॉलेज में शिक्षा हासिल करने के लिए ग्राम पंचायत भजौतरा, सालवां, मौड़ा, करवाल, सियूला, लिग्गा और बाड़का से विद्यार्थी विशेषकर क्षेत्र की छात्राएं उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए पहुंचती हैं। बावजूद इसके भवन के अभाव में विद्यार्थियों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
सरकार ने तेलका कॉलेज खोल दिया है। बावजूद इसके अभी तक भवन न होना विद्यार्थियों की मुसीबतों को बढ़ा रहा है। विद्यार्थी आज भी खुले आसमान के नीचे पढ़ने को विवश हैं। -विवेक शर्मा, विद्यार्थी।
तेलका कॉलेज में 90 फीसदी लड़कियां हैं। क्षेत्र में कॉलेज खुलने से अब क्षेत्र की बेटियां उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए आगे आ रही हैं लेकिन कॉलेज का अपना भवन न होना चिंता का विषय बना हुआ है। - विपिन कुमार
कॉलेज प्रबंधन और सरकार से कई बार तेलका कॉलेज के लिए भवन निर्माण की मांग उठाई गई है। बावजूद इसके कॉलेज का भवन तक नहीं बन पाया है। -विकास शर्मा, विद्यार्थी।
क्षेत्र की आठ पंचायतों भजौतरा, सालवां, मौड़ा, करवाल, सियूला, लिग्गा और बाड़का के विद्यार्थियों के लिए खुले महाविद्यालय का अपना भवन न होने से पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। -विनय कुमार
कार्यकारी प्राचार्य केहर सिंह ने बताया कि कॉलेज के नए भवन को लेकर दस्तावेज तैयार हो चुके हैं। टेंडर प्रक्रिया के बाद भवन निर्माण कार्य आरंभ होगा।
डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने जगह-जगह एक-एक लाख का बजट देकर शिक्षण संस्थान खोल दिए लेकिन इन्हें संचालित करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। कहा कि जल्द भवन निर्माण का कार्य आरंभ करवाया जाएगा।
पूर्व विधायक आशा कुमारी ने बताया कि महाविद्यालय भवन खोलने के साथ ही अब भवन निर्माण के लिए जमीन का प्रावधान करवा दिया गया है। शीघ्र ही तेलका कॉलेज भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा।