बनीखेत (चंबा)। बीआरसी कार्यालय बनीखेत से जल्द राजकीय महाविद्यालय की कक्षाएं एनएचपीसी के भवन में शिफ्ट होंगी। 20 कमरों वाले भवन का जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने शुभारंभ किया। भवन में रंगरोगन का कार्य चल रहा है। दो दिन के भीतर कक्षाएं इस भवन में शिफ्ट कर दी जाएंगी। इससे कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करने वाले 170 विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई करने में सुविधा मिलेगी। मौजूदा समय में विद्यार्थी बीआरसी कार्यालय में अपनी पढ़ाई कर रहे हैं जहां पर उन्हें काफी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं।
इसे देखते हुए एनएचपीसी ने अपने पुराने भवन में महाविद्यालय की कक्षाएं चलाने की अनुमति दी है। जब तक महाविद्यालय का नया भवन नहीं बन जाता तब तक इसी भवन भवन में विद्यार्थी अपनी पढ़ाई करेंगे। भवन में 20 कमरों की सुविधा है जहां पर विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है।
बीआरसी कार्यालय के एक भवन में प्रवक्ताओं को विद्यार्थियों की पढ़ाई करवाना मुश्किल हो रहा था। इसके चलते विद्यार्थी और स्टाफ सरकार के नुमाइंदों से कॉलेज को दूसरे भवन में शिफ्ट करने की मांग कर रहे थे। बनीखेत पंचायत के प्रधान अरुण राणा और स्थानीय लोगों ने विद्यार्थियों की समस्या से जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष और उपमंडल अधिकारी डलहौजी को अवगत करवाया था।
जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष ने एनएचपीसी के भवन में महाविद्यालय की कक्षाएं चलाने का उद्घाटन किया। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष बिजेंद्र शर्मा, ध्रुपत सिंह पठानिया, संदीप अरोड़ा, बलवंत सिंह ठाकुर, सूरज टंडन और अजीत राणा मौजूद रहे।