मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों को जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए निडर होकर फैसले लेने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सफलता का रास्ता मेहनत, आत्मविश्वास और निडरता से होकर गुजरता है। मुख्यमंत्री जिला चंबा के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तीसा में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर रहे थे।
इस दौरान 12वीं कक्षा की छात्रा तमन्ना ने मुख्यमंत्री से भविष्य में आगे बढ़ने और लक्ष्य हासिल करने को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए बिना किसी डर के फैसले लेने चाहिए। चुनौतियों का सामना करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।
बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ें : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने से डरना नहीं चाहिए। शिक्षा, खेल और राजनीति सहित हर क्षेत्र में बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियां हर मोड़ पर आएंगी, लेकिन जो व्यक्ति सही समय पर सही फैसला लेने का साहस रखता है, वही इतिहास रचता है।
विद्यार्थियों ने पूछे कई सवाल
संवाद के दौरान चौथी कक्षा की अपेक्षा भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से उनके पसंदीदा विषय के बारे में पूछा। वहीं, 12वीं कक्षा के प्रज्वलन ने तीसा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
12वीं कक्षा की छात्रा मोनिका ने नशे की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। छात्रा मुस्कान ने सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाने से जुड़ा विषय उठाया। एक अन्य छात्रा जीवनी ने मुख्यमंत्री की दिनचर्या के बारे में सवाल किया।