चंबा में सपड़ी के पास राहगीरों पर गिरते गंदे पानी के छीटें।संवाद
चंबा मुख्यालय से कटा बैरागढ़, साचपास और किलाड़ क्षेत्र का संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर बादल फटने की घटनाओं से नाले उफान पर रहे। सतरूडी नाला, रानीकोट और कार्थ नाला में बादल फटने से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। साच-पास मार्ग वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। लगातार बारिश के कारण तीनों नालों में जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के साथ आया मलबा और पत्थर सड़क पर जमा हो गए। कई जगह सड़क का हिस्सा भी बह गया है।
मार्ग बंद होने से बैरागढ़, साचपास और किलाड़ क्षेत्र का संपर्क चंबा मुख्यालय से कट गया है। वहीं, राहत की बात यह है कि जहां बादल फटा है, उन स्थानों पर कोई जान माल की हानि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से सुबह ही खराब मौसम के चलते बैरागढ़ से आगे वाहनों को नहीं भेजा गया। प्रशासन की आरे से भी लोगों से आह्वान किया है कि खराब मौसम के दौरान प्रशासन की ओर से जारी किए जा रहे निर्देशों की पालना सुनिश्चित बनाएं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि साच पास के समीप बादल फटने की सूचना मिली थी। कहा कि कोई नुकसान नहीं हुआ है। मार्ग बंद हुए है। उपमंडलीय प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।