एक दिन के कार्यक्रम के देने होंगे 1000 रुपये, दो दिन के लगेंगे 2000 रुपये
मणिमहेश न्यास लेगा स्वच्छता शुल्क, हाईकोर्ट ने भी जारी किए हैं आदेश
चौरासी परिसर में भंडारा, अन्य आयोजन करवाने से पहले लेनी होगी अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। चौरासी परिसर में होने वाले भंडारे और अन्य कार्यक्रमों के लिए मणिमहेश न्यास आयोजकों से स्वच्छता शुल्क लेगा। इसके लिए न्यास ने उच्च न्यायालय के आदेशों का तर्क दिया है।
न्यास के सचिव एवं उपमंडल अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि एक दिन के कार्यक्रम का एक हजार रुपये और दो दिन के कार्यक्रम का 2500 रुपये स्वच्छता शुल्क लिया जाएगा। आयोजकों को चौरासी परिसर में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उपमंडल अधिकारी कार्यालय में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) भरमौर से तीन दिन पहले अनुमति लेनी होगी। इस बारे में सदर पंचायत और संचुई पंचायत के सचिव, चौरासी व्यापार मंडल भरमौर और पुजारी संगठन के प्रधान को भी पत्र के माध्यम सूचित कर दिया है। चौरासी परिसर साफ-सुथरा दिखे और कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन हो, इसके लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं। नदी-नालों पर फेंके जाने वाले कूड़े से भी राहत मिलेगी।