नालियों की गंदगी और अनावश्यक घास भी उखाड़ी जा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। बरसात के मौसम में पर्यटन नगरी में जगह-जगह उगी घास और अवरुद्ध नालियों की समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने सफाई अभियान तेज कर दिया है।
नगर परिषद के सफाई कर्मचारी शहर के विभिन्न हिस्सों में जुटकर नालियों की सफाई, घास की कटाई और कचरे को हटाने का कार्य कर रहे है। लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर परिषद ने सफाई कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया है। नगर परिषद की टीमें सड़क के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर उगी घास काटने के साथ नालियों में जमा मलबा हटा रही हैं। जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बंद नालियों की सफाई भी की जा रही है।
नगर परिषद अध्यक्ष वंदना चड्ढा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद गंभीर है। सफाई अभियान लगातार जारी है। हमारा उद्देश्य है कि डलहौजी के लोगों को की परेशानी न हो और डलहौजी स्वच्छ और सुंदर दिखे। नगर परिषद ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें और सफाई अभियान में सहयोग करें। परिषद का कहना है कि लोगों के सहयोग से नालियों और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाया जा रहा यह अभियान डलहौजी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।