चंबा कॉलेज के पुराने भवन में कक्षाओं के बहिष्कार को लेकरभिड़ते एबीवीपी के कार्यकर्ता ओर अध्याप
चंबा। कक्षा बहिष्कार के मामले को लेकर राजकीय महाविद्यालय चंबा के पुराने भवन में प्राध्यापक और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार को झड़प हो गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। सूचना मिलने के बाद प्राचार्य और अन्य प्राध्यापक भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से फिलहाल कॉलेज प्रशासन को अवगत नहीं करवाया गया है। अन्य माध्यमों से सूचना मिलने के बाद प्राचार्य सहित अन्य प्राध्यापक पुराना कॉलेज भवन पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक फीस बढ़ोतरी और छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता पुराना कॉलेज भवन में पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा में प्रवेश कर विद्यार्थियों से बहिष्कार का आह्वान किया लेकिन जब प्राध्यापक ने कार्यकर्ताओं से अनुमति मांगी तो किसी प्रकार की लिखित या मौखिक सूचना कार्यकर्ता नहीं दिखा पाए। इसी मामले पर दोनों पक्षों में झड़प और खींचातानी शुरू हो गई। इस बीच कार्यकर्ताओं ने मोबाइल तोड़ने के भी आरोप प्राध्यापक पर लगाए हैं। प्राध्यापक ने बिना अनुमति कक्षा में प्रवेश करने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो बाद में झड़प में बदल गई। दूसरी तरफ कॉलेज प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। छात्र नेताओं ने प्राध्यापक पर अभद्र व्यवहार करने, गाली-गलौज करने के भी आरोप लगाए हैं।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने बताया कि वायरल वीडियो के माध्यम से इसकी सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
कार्यकर्ताओं ने प्राध्यापक के खिलाफ उपायुक्त मुकेश रेपसवाल को शिकायत दी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती है तो वे मुख्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे।
एबीवीपी के विभाग संयोजक अर्पित जरयाल का कहना है कि वे फीस बढ़ोतरी और छात्र संघ चुनावों की बहाली को लेकर कक्षा बहिष्कार करवा रहे थे लेकिन प्राध्यापक ने कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया और गाली-गलौज भी किया।