प्रतिदिन 14 रुपये एक हजार लीटर के हिसाब से उपभोक्ताओं को भेजा जा रहा बिल
अभी 430 रुपये महीना, मीटर लगने पर बिल में हो सकती है वृद्धि
11 वार्डों में 36000 उपभोक्ताओं में बिल को लेकर थी असमंजस
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर वासियों को एक साल बाद पानी के बिल भेजे जाएंगे। 14 रुपये प्रतिदिन एक हजार लीटर के हिसाब से उपभोक्ताओं को महीने का पानी बिल देना होगा।
हर माह 430 रुपये बिल जमा करवाना होगा। हालांकि, एक साल तक जो बिल नहीं भरा है, उसके भुगतान के बारे में विभाग सरकार के आदेशों पर अमल करेगा। फिलहाल बिल को लेकर लोगों में बनी असमंजस अब खत्म होने वाली है। विभाग ने उपभोक्ताओं को पानी के बिल जारी करना शुरू कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पहले की तरह पानी का बिल लिया जाएगा। उसमें सरकार ने कोई बदलाव नहीं किया है। शहरी उपभोक्ताओं और व्यावसायिक संस्थानों में पानी के बिलों में बदलाव किया गया है।
मीटर लगने के बाद 14 रुपये प्रति एक हजार लीटर रोजाना शुल्क लिया जाएगा। जिस घर में दो से तीन हजार की टंकी रोजाना भरी जाती हैं, उनका बिल काफी बढ़ जाएगा। जब तक मीटर नहीं लग जाते, तब तक उनके लिए राहत है। उन्हें मात्र एक हजार लीटर के हिसाब से महीने का 430 रुपये ही बिल देना पड़ेगा। शहर के 11 वार्डों में पानी के 36,000 उपभोक्ता हैं जो पिछले एक साल से इस बात से चिंतित थे कि उन्हें पानी का कितना ज्यादा बिल आएगा। विभाग ने उनकी असमंजस को दूर करते हुए सरकार की नई दर से नियमानुसार बिल जारी करने का फैसला लिया है।
जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा ने बताया कि उपभोक्ताओं को पानी के बिल भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नई दर के अनुसार बिल भेजे जा रहे हैं। पिछले बिल के भुगतान को लेकर बाद में प्रक्रिया शुरू की जाएगी।