चुवाड़ी (चंबा)। चंबा-नूरपुर मार्ग पर लाहड़ू़ चेक पोस्ट के समीप राज्य मादक नियंत्रण इकाई कांगड़ा की टीम ने तीन युवकों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ दबोचा है। पुलिस ने तलाशी के दौरान इन व्यक्तियों के कब्जे से 5.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। टीम ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 व 29 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस मामले में संलिप्त एक आरोपी पूर्व कांग्रेस नेता का भतीजा है।
जानकारी के अनुसार राज्य मादक नियंत्रण इकाई कांगड़ा की पुलिस टीम शनिवार रात दस बजे पुलिस चैक पोस्ट लाहड़ू़ के समीप मौजूद थे। इसी दौरान एक गाड़ी आई, इसमें तीन लोग सवार थे। पुलिस ने गाड़ी सवारों से पूछताछ की। इस दौरान टीम को संदेह हुआ। टीम ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनसे 5.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके साथ ही मुकद्दमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा अरुल कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से 5.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।