चुवाड़ी (चंबा)। नागरिक अस्पताल चुवाड़ी एक आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अस्पताल की बिस्तरों की क्षमता को बढ़ाकर एक सौ किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चुवाड़ी में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। चिकित्सालय परिसर में ही एक अतिरिक्त भवन का निर्माण किया जाएगा।
अस्पताल में दंत चिकित्सा विभाग को और सुदृढ़ बनाने के लिए उन्होंने अपनी विधायक निधि से फ्रंट लोडिंग टेबल टॉप ऑटोक्लेव की खरीद के लिए पौने दो लाख की राशि को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के तहत नागरिक चिकित्सालय चुवाड़ी में वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं पर 28 लाख के बजट का अनुमोदन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने चिकित्सालय में रैंप और लिफ्ट लगाने को लेकर लोक निर्माण विभाग और विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में नागरिक चिकित्सालय चुवाड़ी के भवन में सोलर पैनल स्थापित करने और परिसर में राज्य आपूर्ति निगम की ओर से संचालित दवाई बिक्री केंद्र शुरू करने का अनुमोदन भी किया गया। इस अवसर पर सदस्य निदेशक मंडल कोऑपरेटिव बैंक राम सिंह चंबियाल, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष किशन चंद चेला, एसडीएम पारस अग्रवाल, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्यामलाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र पाल सहित रोगी कल्याण समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।