कुलदीप सिंह पठानिया एक्सरे मशीन का उद्घाटन करते हुए।
चुवाड़ी (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नागरिक अस्पताल चुवाड़ी का दौरा कर 8.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित नई एक्स-रे मशीन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा भी लिया।
उन्होंने कहा कि एक्स-रे मशीन के शुरू होने से चुवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी लाभ मिलेगा और मरीजों को जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों का दौरा किया। मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि नागरिक अस्पताल चुवाड़ी में मरीजों की सुविधा के लिए जल्द ही लिफ्ट स्थापित की जाएगी, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य मरीजों को अस्पताल में आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। उन्होंने अस्पताल में रिक्त पदों और अन्य आवश्यक मांगों को भी शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने विधानसभा अध्यक्ष को शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।