बनीखेत (चंबा)। पुलिस थाना डल्हौजी की टीम ने बनीखेत के समीप स्थित वर्षाशालिका में बैठे एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ धर दबोचा है। तलाशी के दौरान पुलिस ने व्यक्ति के कब्जे से 40 ग्राम चिट्टा बरामद किया और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुधीर गांव रनियां डाकघर व तहसील धारीवाल गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई। पुलिस पड़ताल कर रही है कि आरोपी आखिरकार यह खेप कहां पहुंचाने के लिए लाया था?
जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना डल्हौजी का एक दल थाना प्रभारी एसएचओ आशीष पठानिया की अगुवाई में सोमवार देर रात बनीखेत में गश्त कर रहा था। इस दौरान आर्मी चेकपोस्ट के निकट स्थित एक युवक रेन शेल्टर में बैठा था। इस दौरान वह पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक के आधार पर पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली।
तलाशी लेने पर पुलिस को बैग से 40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।