चंबा। जिले में अब दो साल बाद बाल विज्ञान सम्मेलनों का आयोजन ऑफलाइन मोड में होगा। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने सभी निजी और सरकारी स्कूलों को पोर्टल में पंजीकरण करवाने के आदेश जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि सितंबर में इन सम्मेलनों के तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। ये सभी प्रतियोगिताएं अलग-अलग वर्गों में होंगी। जानकारी के अनुसार इस बार पांच के बजाय छह स्पर्धाएं होंगी।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के चलते दो साल प्रतियोगिताओं का आयोजन ऑनलाइन हुआ। इस साल आयोजित होने वाले बाल विज्ञान सम्मेलन का शीर्षक अंडर स्टेंडिंग ईको सिस्टम फॉर हेल्थ एंड वेल बींग रहेगा। उप शीर्षक नो योर ईको सिस्टम, फॉस्टरिंग हेल्थ, न्यूट्रीशन एंड वेल बींग, सोशल एंड कल्चरल प्रैक्टिस फॉर ईको सिस्टम एंड हेल्थ, ईको सिस्टम बेस्ड एप्रोच फॉर सेल्फ रिलायंस, टेक्नोलॉजी इनोवेशन फॉर ईको सिस्टम एंड हेल्थ रहेगा। यह जानकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेश कुमार शर्मा ने दी। कहा कि इस बार ऑफलाइन मोड में बाल विज्ञान सम्मेलनों का आयोजन होगा। साथ ही इस बार पांच के बजाय छह स्पर्धाएं होंगी। सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देशों के अनुसार पंजीकरण करवाएं।